पंजाबी सिंगर इंदर कौर मर्डर मिस्ट्री: सिरफिरे आशिक का पिता और दोस्तों समेत 3 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 06:22 PM (IST)
लुधियाना (राज): संगीत जगत और इलाके में सनसनी फैलाने वाले मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर की हत्या के मामले को लुधियाना पुलिस ने सुलझाते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने पकड़े गए आरोपियों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस तफ्तीश में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसके मुताबिक मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा सिंगर इंदर कौर पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन इंदर के इनकार करने पर उसने खौफनाक साजिश रचकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
शादीशुदा और 2 बच्चों का बाप निकला आशिक
पुलिस जांच के अनुसार, मोगा का रहने वाला मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुक्खा इंदर कौर से जबरन शादी करना चाहता था और इस घिनौनी जिद में उसका पिता प्रीतम सिंह भी उसके साथ था। लेकिन इंदर कौर को पता चल चुका था कि सुखविंदर पहले से ही शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे भी हैं। इसी धोखे के कारण इंदर ने शादी करने से साफ मना कर दिया। शादी से इनकार करने पर सुखविंदर रंजिश रखने लगा। वह इंदर का कत्ल करने के इरादे से बीते 8 मई को कनाडा से वाया नेपाल होते हुए खुफिया रास्ते से भारत पहुंचा।
साजिश के तहत नहर के पुल पर बुलाया
वारदात वाली रात यानी 13 मई को करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार में राशन लेने बाजार गई थी। रात 9 बजे सुखविंदर ने साजिश के तहत इंदर को फोन कर नीलो नहर के पुल पर बुलाया। वहां सुखविंदर, उसका पिता प्रीतम सिंह और उसके दो दोस्त करमजीत सिंह व रविंदर सिंह उर्फ रवि पहले से घात लगाए बैठे थे। इन सबने मिलकर बंदूक के दम पर इंदर को कार समेत अगवा कर लिया। इसके बाद उन्होंने इंदर की गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए लाश को नीलो नहर के पुराने पुल से नीचे फेंक दिया। आरोपियों ने उसकी कार की नंबर प्लेटें तोड़ दीं और गाड़ी को पास के रामपुर गांव की नहर में डुबो दिया।
भाई की शिकायत पर पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
15 मई को इंदर के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद लुधियाना पुलिस के आला अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। टेक्निकल जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से पुलिस ने 16 मई को सुखविंदर के पिता प्रीतम और दोस्त करमजीत सिंह को दबोच लिया। आरोपी करमजीत सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने नहर से इंदर कौर की लाश और डूबी हुई फोर्ड फिगो कार बरामद कर ली। करमजीत के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल .45 बोर की पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस भी मिले।
मुख्य आरोपी सुक्खा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने 19 मई को तीसरे आरोपी रविंदर सिंह उर्फ रवि (उम्र 39 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से .30 बोर की पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपी पेशे से टैक्सी ड्राइवर बताए जा रहे हैं और इनका पहले का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि, मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुक्खा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

