हुल्लड़बाजों पर पुलिस का कड़ा एक्शन: घर के बाहर खड़ी कार फूंकने वाले 3 आरोपी दबोचे

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:10 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में गुंडागर्दी और हुल्लड़बाजी करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना हैबोवाल के अंतर्गत चौकी जगतपुरी की पुलिस पार्टी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए इलाके में दहशत फैलाने और एक घर के बाहर खड़ी कार को आग के हवाले करने वाले 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अमन-पसंद नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी देते हुए चौकी इंचार्ज ASI सुखजिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों ने बीते दिनों इलाके में सरेराह हुल्लड़बाजी करते हुए जमकर उत्पात मचाया था। अपनी इस गुंडागर्दी के दौरान इन शरारती तत्वों ने हदें पार करते हुए एक घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया और उसे आग लगाकर पूरी तरह से फूंक डाला। इस वारदात के बाद इलाके में काफी तनाव और दहशत का माहौल बन गया था, जिसके बाद पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया तंत्र की मदद से जाल बिछाकर हुल्लड़बाजी और आगजनी की इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस अब इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात के पीछे क्या रंजिश थी और क्या इस गैंग में कुछ और लोग भी शामिल हैं। चौकी इंचार्ज ASI सुखजिंदर सिंह ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि लुधियाना पुलिस शहर की अमन-शांति को भंग करने वाले माड़े अनसरों (असामाजिक तत्वों) को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News