राघव चड्ढा ने बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2022 - 10:15 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (रमनजीत,धवन): आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और सांसद(राज्यसभा सदस्य) राघव चड्ढा ने देश में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। चड्ढा ने सवाल किया कि मोदी सरकार बताए एक्साइज ड्यूटी से 16 लाख करोड़ रुपए से अधिक कमाई के बावजूद आम आदमी महंगाई की मार क्यों झेल रहा है?

बता दें कि सांसद चड्ढा द्वारा उठाए गए एक सवाल के जवाब में संसद में केंद्र सरकार ने खुलासा किया कि सरकार ने 2016 से पैट्रोलियम उत्पादों पर लगाए एक्साइज शुल्क से 16 लाख करोड़ रुपए की वसूली की है। आंकड़ों के अनुसार 2021-22 के वित्तीय वर्ष में पैट्रोलियम क्षेत्र से सरकार द्वारा एक्साइज शुल्क 3.63 लाख करोड़ रुपए वसूले गए थे। 2020-21 में 3.72 लाख करोड़ रुपए, 2019-20 में 2.23 लाख करोड़ रुपए, 2018-19 में 2.14 लाख करोड़ रुपए, 2017-18 में 2.29 लाख करोड़ रुपए और 2016-17 वित्तीय वर्ष में 2.42 लाख करोड़ रुपए एकत्रित किए गए थे।

चड्ढा ने बताया ‘संसद में दाखिल मेरे सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने जवाब दिया कि पिछले 6 सालों में सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा एक्साइज ड्यूटी वसूली है। इतनी वसूली के बावजूद देश की आम जनता क्यों अभी भी 100 रुपए का पैट्रोल और महंगा दूध-दही-आटा खरीदने को मजबूर है?’

चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पर महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने खुलासा किया है कि पिछले 6 सालों में केंद्र सरकार ने एक्साइज शुल्क के रूप में 16 लाख करोड़ से अधिक की वसूली की और पैट्रोल व डीजल पर उत्पाद शुल्क में 5 बार वृद्धि हुई है। पैट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को बढ़ाकर सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपए इकट्ठे किए। बावजूद इसके आम आदमी अभी भी खाद्य पदार्थों पर जी.एस.टी. का भुगतान करने के लिए मजबूर है। 

चड्ढा ने भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को एक्साइज से मोटी कमाई होने के बावजूद आम आदमी को लाभ क्यों नहीं मिल रहा है? उन्होंने भाजपा सरकार को यह बताने की चुनौती दी कि देश के आम लोग उनकी विफल आर्थिक नीतियों के कारण क्यों पीड़ित हैं?

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News