राहुल गांधी 7 मार्च को पंजाब में कर सकते हैं रैली

punjabkesari.in Monday, Feb 25, 2019 - 08:22 AM (IST)

 जालंधर(धवन): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी का चुनावी बिगुल बजाने के लिए 7 मार्च को राज्य में रैली कर सकते हैं। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि पिछले दिनों चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह, पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस संबंध में पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा कुमारी के साथ विस्तृत चर्चा की थी। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह चाहते हैं कि राहुल गांधी पंजाब में कांग्रेस की विशाल रैली में भाग लेकर चुनावी बिगुल बजाएं।

PunjabKesari

अधिकारिक रूप से अभी नहीं हुई है पुष्टि

कांग्रेसी हलकों ने बताया कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भी यह सुझाव दिया था कि राहुल गांधी की रैली पंजाब में रखी जानी चाहिए। संभवत: उस दिन राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश में भी चुनावी रैली को सम्बोधित करने के लिए जाएंगे। अभी आधिकारिक रूप से कांग्रेस की रैली को लेकर पुष्टि तो नहीं हुई परन्तु माना जा रहा है कि 7 मार्च की तारीख बेहतर मानी जा रही है क्योंकि उसके बाद केन्द्रीय चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किसी भी दिन किया जा सकता है। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले पंजाब कांग्रेस राज्य में राहुल गांधी की रैली को सम्पन्न करना चाहती है। रैली करके विरोधी दलों अकाली दल व आम आदमी पार्टी को अपनी ताकत का संदेश देना चाहेगी। 

PunjabKesari

1-2 दिन में होगी स्थिति स्पष्ट

कांग्रेसी हलकों ने बताया कि प्रस्तावित रैली को लेकर लुधियाना या मोगा में किसी एक स्थान का चयन किया जा सकता है। रैली स्थल को लेकर अगले 1-2 दिनों में सारी स्थिति स्पष्ट होने के आसार हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी 7 मार्च को देश के किसी राज्य में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए संभवत: इसके बाद केन्द्रीय चुनाव आयोग लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर देगा। लोकसभा चुनाव अप्रैल व मई महीने में होंगे तथा केन्द्र में अगली सरकार का गठन मई मध्य तक हो जाएगा। कांग्रेसी हलकों ने कहा कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा सुनील जाखड़ दोनों कांग्रेस की चुनावी रैली को लेकर राहुल गांधी से बातचीत करेंगे तथा अगले 2-3 दिनों के अंदर राहुल गांधी की सहमति मिलने के बाद कांग्रेस रैली को लेकर औपचारिक ऐलान भी कर दिया जाएगा। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News