ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले रेलवे कर्मचारी के परिवार को मिला 1 करोड़ का बीमा
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 06:10 PM (IST)
जैतो (रघुनंदन पराशर): उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने जानकारी दी है कि मंडल के अंतर्गत कार्यरत सहायक सिग्नलर संतोष कुमार का 1 सितंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में निधन हो गया था। वे वरिष्ठ खंड अभियंता (सिग्नल) जालंधर सिटी के अधीन कार्यरत थे।
रेलवे के अनुसार दिवंगत कर्मचारी का वेतन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रेलवे सैलरी पैकेज योजना से जुड़ा हुआ था। इस योजना के तहत उनका बीमा दावा संबंधित बैंक शाखा को भेजा गया था। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक करोड़ रुपये की बीमा राशि स्वीकृत कर दी गई।
मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह तथा बैंक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह राशि दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को सौंप दी गई। रेल प्रशासन ने कहा कि यह आर्थिक सहायता शोक संतप्त परिवार के लिए कठिन समय में सहारा साबित होगी। साथ ही मंडल ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

