उमस भरी गर्मी से जालंधरवासी परेशान, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

punjabkesari.in Saturday, Jun 29, 2024 - 09:32 AM (IST)

जालंधर : पंजाब के विभिन्न शहरों में गत रोज जमकर बारिश हुई, लेकिन महानगर जालंधर व आसपास के इलाकों में औसत बारिश भी नहीं हुई। इसके चलते जिले के लोगों को निराशा हाथ लगी, जबकि मौसम विशेषज्ञों द्वारा जालंधर में अच्छी बारिश का अनुमान लगाया गया था। जालंधर में हल्की से कम बारिश रिकार्ड हुई, जोकि धरती की प्यास को भी नहीं बुझा पाई। पंजाब के विभिन्न शहरों में जमकर बारिश हुई जिसके चलते बीते दिन तापमान में 7 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज हुई थी। वहीं मौसम में उमस का प्रभाव देखने को मिला, जिससे लोगों को काफी परेशानी पेश आई। हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले मौसम में राहत देखने को मिल रही है, लेकिन बीते रोज के मुकाबले आज गर्मी का प्रभाव बढ़ा है।

जालंधर जिले के आकड़ों की बात की जाए तो गत रोज के मुकाबले अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से अधिक का उछाल आया है। जिले के आसपास बारिश होने के बाद बीते रोज जालंधर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रिकार्ड हुआ था, जबकि आज का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके चलते तापमान में 5.3 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज हुई, जिससे राहत के क्रम में कमी आई।

पंजाब में बारिश का अनुमान अभी खत्म नहीं हुआ है और यैलो अलर्ट चल रहा है, जिसके चलते जालंधरवासियों को बारिश का इंतजार है। पंजाब के आनंदपुर साहिब में वीरवार रात को 5.5 एम.एम. बारिश हुई, जिसके चलते बारिश का पूर्वानुमान व्यापक तौर पर बना हुआ है। संभावना के मुताबिक अगले 1-2 दिनों में जालंधर में बारिश हो सकती है।

वहीं, जालंधर में बारिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। बताया जा रहा है कि जालंधर व आसपास के इलाकों में शनिवार को मौसम बदल सकता है और तेज हवाओं के साथ आंधी अपना असर दिखा सकती है। इसके चलते यैलो अलर्ट की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर जालंधर में बारिश का सैंटर बनता रहा है, लेकिन इस बार बारिश में कुछ देरी हुई है। इसी क्रम में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। अब देखना होगा कि बारिश क्या रंग दिखाती है, क्योंकि लुधियाना में बारिश होने के बाद सड़कों पर जल-थल हो गई थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News