Ludhiana की फैक्ट्री में नाबालिग से दरिंदगी, वर्कर ने ही बनाया हवस का शिकार
punjabkesari.in Thursday, Oct 23, 2025 - 11:11 AM (IST)
लुधियाना (राज) : शहर में एक इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक नाबालिग लड़की के साथ स्टील रोलिंग मिल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की उम्र करीब 15 साल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को पीड़िता अपने घर वालों से मामूली बात पर नाराज़ होकर बिना बताए घर से निकल गई थी। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में लड़की मेट्रो रोड के पास स्थित स्टील रोलिंग मिल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बेहोशी की हालत में मिली। होश आने पर पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि मनोज़ कुमार नामक व्यक्ति उसे बातों में बहला-फुसला कर फैक्ट्री के अंदर बने अपने कमरे में ले गया, जहां उसने फैक्ट्री की छत पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं। भय और सदमे के कारण लड़की ने सुबह लगभग 4:30 बजे फैक्ट्री की पहली मंज़िल से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने आरोपी मनोज़ कुमार के खिलाफ बलात्कार और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। फैक्ट्री प्रबंधन से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है कि आरोपी कैसे फैक्ट्री परिसर में ऐसा जघन्य अपराध करने में सफल हुआ।

