4.63 लाख राशन कार्ड धारकों की टूटी उम्मीद! 1 साल बाद भी नहीं मिली गेहूं

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 11:55 AM (IST)

लुधियाना (खुराना): माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी किए गए अंतरिम आदेशों के बावजूद करीब एक साल गुजर जाने के बाद भी ई-श्रम राशन कार्ड धारकों से संबंधित 1,49,604 परिवारों के 4,63,407 लाख लोग फ्री राशन लेने की आस में इधर-उधर भटक रहे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद इन मेहनतकश लोगों की उम्मीद पर लगातार पानी फिरता दिखाई दे रहा है। लाखों ई-श्रम राशन कार्ड धारक जिनमें अधिकतर प्रवासी परिवार शामिल हैं, अपने अधिकार लेने के लिए कभी राशन डिपुओं पर तो कभी प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों में चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उक्त परिवारों को उनके हिस्से का अनाज मिलना तो दूर परिवारों की कोई अपील-दलील तक नहीं सुनी जा रही।

जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद फरवरी 2025 में पंजाब सरकार के निर्देश पर फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट ने पूरे पंजाब में करीब डेढ़ लाख मजदूर परिवारों को मुफ्त अनाज देने के लिए ई-श्रम राशन कार्ड बनाए थे। चिंता की बात यह है कि इन परिवारों को अभी तक राशन डिपो से अनाज का एक भी दाना नहीं मिला है। ऐसे में पंजाब भर के में लाखों परिवार पूरी तरह से निराश हैं। जब ये परिवार अपने हिस्से का अनाज लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के दरबार और राशन डिपुओं पर पहुंचते हैं तो उन्हें केवल झूठे सपने दिखाकर लौटा दिया जाता है। देखना अब यह होगा कि उक्त लाखों ई-श्रम राशन कार्ड धारक परिवारों का हाथ केंद्र सरकार, पंजाब सरकार या फिर जिला प्रशासनिक अधिकारी कब और कैसे थमते है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News