UP का ईनामी गैंगस्टर पंजाब के इस जिले से गिरफ्तार, विधायक मर्डर केस में था MostWanted
punjabkesari.in Friday, Aug 11, 2023 - 05:26 PM (IST)

लुधियाना (राज) : लुधियाना में यू.पी. के ईनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार करने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यू.पी. का खूंखार गैंगस्टर अरविंद कश्यप, जोकि पिछले कुछ समय से यू.पी. पुलिस को वांटेड था और इसकी तलाश लगातार जारी थी, को आज लुधियाना के डाबा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। यू.पी. पुलिस ने डाबा के इलाके दबिश देकर उक्त आरोपी को काबू किया है। अरविंद कश्यप पिछले काफी समय से लुधियाना में नाम बदल कर रह रहा था, जिसकी इन्पुट यू.पी. को पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने लेट नाइट रेड कर उसे काबू किया है।
उक्त आरोपी ने यू.पी. में साथियों के साथ मिलकर सन 2013 में एक पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या की थी, जिसके बाद यू.पी. पुलिस ने इस पर एक लाख का ईनाम रखा था। आरोपी को आज अदालत में पेश कर यू.पी. पुलिस अपने साथ ले गई है। यू.पी. में पूर्व विधायक सीपू की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए थे तथा प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया था। इस मामले में अरविंद कश्यप को छोड़ सभी आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है, जबकि अरविंद कश्यप ही फरार चल रहा था, जिसे कि आज यू.पी. पुलिस ने काबू कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।