लुटेरों का आतंक: घर के बाहर खड़े मासूम बच्चे को बनाया निशाना, हक्का-बक्का रह गया परिवार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 08:50 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में झपटमारों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे घर के बाहर खड़े बच्चों को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला सामने आया है जहां मोटर साइकिल सवार दो लुटेरों ने एक बच्चे को मौत का डर दिखाकर उससे मोबाइल और नकदी लूट ली। थाना टिब्बा की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी भी फरार है। पुलिस को दिए बयानों में महिला गुंजा शर्मा ने बताया कि घटना 10 मार्च की है। उसका बेटा घर के बाहर खड़ा था और उसके हाथ में सैमसंग ए-12 मोबाइल फोन था।

 मोबाइल के कवर में 2000 रुपये की नकदी भी रखी हुई थी। तभी अचानक गली में मोटर साइकिल पर सवार दो युवक आए और उनके बेटे को घेर लिया। आरोपियों ने बच्चे पर लोहे के दातर से हमला करने का डर दिखाया और जान से मारने की धमकी देकर उससे मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार ने अपने स्तर पर पड़ताल की तो एक आरोपी की पहचान हरदेव सिंह के रूप में हुई। शिकायत मिलने के बाद थाना टिब्बा की पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए तफ्तीश शुरू की। 

पुलिस ने आरोपी हरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का दातर बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि दूसरे फरार साथी का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News