लुटेरों से भिड़ा बुजुर्ग: पार्क के बाहर चाकू की नोक पर लूट, पब्लिक ने घेरा तो...

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 10:00 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में सैर पर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गए हैं। ताजा मामला 'हैप्पी फोर्जिंग पार्क' के पास मल्हार रोड का है, जहां सैर करके बाहर निकले एक व्यक्ति को दो शातिर लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। हालांकि, लुटेरों की यह हिमाकत उन पर भारी पड़ गई और जनता के सहयोग से दोनों सलाखों के पीछे पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, राहुल शर्मा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 12 मार्च की शाम जब वह मल्हार रोड स्थित पार्क में सैर खत्म कर बाहर आया, तो अचानक दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पीड़ित की गर्दन पर तेजधार चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसकी जेबों की तलाशी ली। बदमाशों ने जबरन 1000 रुपये की नगदी और जरूरी दस्तावेज छीन लिए। जैसे ही लुटेरे वारदात को अंजाम देकर बिना नंबर वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर भागने लगे, पीड़ित ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों और पब्लिक ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ली और दोनों लुटेरों को मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से में आई भीड़ ने बदमाशों को काबू कर तुरंत पुलिस पार्टी के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसपाल सिंह और आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से बिना नंबर वाला स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लूटा गया पर्स बरामद कर लिया है, जिसमें 1000 रुपये मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News