लुधियाना में सरेराह लूट, कार सवार बदमाशों ने बाइक चालक को बनाया निशाना, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 12:36 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के पक्खोवाल रोड पर हथियार के बल पर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति का रास्ता वैगनआर कार से रोककर दो बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर उसके हाथ से 15 ग्राम सोने की अंगूठी छीन ली और फरार हो गए। पीड़ित की पड़ताल और शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ठाकुर लाल ने बताया कि बीते 22 अगस्त को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वह पक्खोवाल रोड पर वर्मा नर्सरी, नजदीक पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक सफेद मारुति वैगनआर कार ने उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। कार में से उतरे दो अज्ञात युवकों ने पीड़ित को घेर लिया और तेजधार हथियार तान दिया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने जबरन पीड़ित के हाथ में पहनी हुई करीब 15 ग्राम सोने की अंगूठी छीन ली और तेजी से कार भगाकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद जब पीड़ित ने अपने स्तर पर और आसपास के लोगों से पड़ताल की, तो लूट की इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की पहचान मिंकू जैन और मनी के रूप में हुई। पीड़ित ठाकुर लाल के बयानों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों मिंकू जैन और मनी के खिलाफ हथियार के बल पर लूटपाट और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार को ट्रेस किया जा रहा है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

