कोरियर कंपनियों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर: Canada-US भेजे जा रहे पार्सलों से पकड़ी करोड़ों की अफीम
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 11:23 AM (IST)
अमृतसर (नीरज): एकतरफ जहां तस्करों की तरफ से हेरोइन, हथियार व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने के लिए ड्रोन का प्रयोग किया जा रहा है तो वहीं पंजाब के कुछ शातिर तस्करों की तरफ से कोरियर कंपनियों के जरिए विदेशों जिसमें मुख्य रूप से कनाडा व यू.एस.ए. जैसे देशों में हेरोइन, अफीम व अन्य नशीले पदार्थ भेजे जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डी.आर.आई. की तरफ से पिछले 4 महीनों के दौरान 75 के लगभग पार्सल पकड़े गए हैं जिनमें अफीम व अन्य नशीले पदार्थ पैक किए हुए थे। इतना ही नहीं एक घर के अन्दर रेड करके अभी तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिनका काम ही नशीले पदार्थों को ऐसे शातिराना तरीके से पैक करना रहता है ताकि स्केनर में कुछ नजर ना आए और पार्सल अपने निर्धारित स्थान तक पहुंच जाए। इस मामले में सबसे बड़ी लापरवाही कोरियर कंपनियों की भी सामने आ रही है जो कनाडा व यू.एस.ए. जैसे देशों को भेजे जाने वाले पार्सलों को बुक करते समय न तो किसी स्केनर से चैक करते हैं और न ही इनके पास कोई ऐसे उपकरण हैं जिनसे पता चल सके कि पार्सल के अन्दर कौन-सी वस्तु छिपाई गई है।
भेजने वाले व रिसीव करने वालों के फेक नाम व पते
आमतौर पर विदेशों में किसी भी प्रकार का पार्सल बुक करते समय यह अनिवार्य रहता है कि भेजने वाले के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज लिए जाएं लेकिन डी.आर.आई. की जांच में सामने आया है कि जिन लोगों ने कैनेडा व यू.एस.ए. के लिए पार्सल भेजे उन्होंने अपने दस्तावेज ही नकली जमा करवाए। इतना ही नहीं विदेशों में भी जिन पतों पर पार्सल भेजे गए वह पते भी नकली पाए गए क्योंकि रिसीव करने वाले ऑनलाइन चैक कर रहे थे और पार्सल लोकेशन पर पहुंचते ही उसको उठा लिया जाता था।
दो आरोपी अभी भी फरार लेकिन शिकंजे के पास
जानकारी के अनुसार एक घर में रेड करके पैकिंग वाले सामान के साथ अलग-अलग मामलों में 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 2 अन्य अभी भी फरार चल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों के शिकंजे में फरार आरोपी जल्द ही फंसने वाले हैं क्योंकि इनकी जानकारी विभाग को मिल चुकी है।
7 वर्ष पहले भी जब्त की गई थी हेरोइन की खेप
डी.आर.आई. की बात करें तो विभाग की तरफ से 7 वर्ष पहले भी एक कोरियर कंपनी के पार्सल से बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप जब्त की थी। यहां भी इसी प्रकार की लापरवाही सामने आई थी और भेजने वाले की तरफ से अपना नाम व पता फेक दिया गया था लेकिन विभाग ने फिर भी दोषी को गिरफ्तार कर लिया था।
फ्रांस की पुलिस ने भी जब्त किए पार्सल
अलग-अलग कोरियर कंपनियों की तरफ से विभिन्न जिलों से भेजे गए कनाडा, यू.एस.ए. व आस्ट्रेलियां के पार्सलों को फ्रांस की पुलिस की तरफ से भी जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार डी.आर.आई. की तरफ से इंटरपोल की मदद से इन पार्सलों की सूचना फ्रांस पुलिस को दी गई जिसके बाद फ्रांस की पुलिस ने पार्सलों को जब्त किया और हेरोइन व अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

