चंडीगढ़ में नाक कटी हालत में महिला की लाश मिलने से सनसनी, युवक हिरासत में

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 06:32 PM (IST)

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के मलोया इलाके में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्वाला कॉलोनी (माड़ी के पास) में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में लाश किराए के कमरे से बरामद हुई। मृतका की पहचान रीना के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है और अपने पति के साथ यहां रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, रीना पास की एक किराने की दुकान पर काम करती थी, जबकि उसका पति लकड़ी का काम करता है। रविवार सुबह महिला का शव कमरे में नाक कटी हालत में मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

PunjabKesari

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह परिजन शव को जल्दी से ले जाने की कोशिश कर रहे थे। शक होने पर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस परिवार की भूमिका, नाक कटने की वजह और हिरासत में लिए गए युवक के कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News