Jalandhar में सनसनी! छापेमारी करने पहुंची सरकारी टीम पर Firing
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 08:30 PM (IST)
जालंधर: जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची एक्साइज विभाग की टीम पर एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
मिली जानकारी के अनुसार, एक्साइज विभाग की टीम को क्षेत्र में अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर अधिकारी डीसी नामक युवक के घर पर छापेमारी करने पहुंचे थे। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान युवक ने टीम पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
बताया जा रहा है कि फायरिंग होते ही एक्साइज विभाग की टीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई। वहीं, आरोपी वारदात के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भार्गव कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। फायरिंग की घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

