मशहूर क्लब में सरेआम 7 हवाई फायर! मची अफरा-तफरी, पुलिस ने बरामद किए खोल

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 09:18 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के प्रतिष्ठित निर्वाना क्लब में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सरेआम अंधाधुंध हवाई फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया है। थाना PAU पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लब परिसर से 7 चले हुए कारतूसों के खाली खोल बरामद किए हैं और फायरिंग करने वाले आरोपी बस स्टैंड निवासी प्रणव खोसला के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालने की संगीन धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर (एस.आई.) भूपिंदर जग्गी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर खास ने पुलिस को पुख्ता सूचना दी कि 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात को निर्वाना क्लब में चल रहे एक समागम/कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से लगातार कई हवाई फायर किए, जिससे वहां मौजूद मेहमानों और आम पब्लिक में भगदड़ मच गई और लोगों की जान को सीधा खतरा पैदा हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत निर्वाना क्लब पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मौके से 7 चले हुए कारतूसों के खोल बरामद कर अपने कब्जे में ले लिए। जांच में पुष्टि हुई कि ये फायर लाइसेंसी पिस्टल से ही किए गए थे। हवाई फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान प्रणव खोसला के रूप में हुई है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल को जब्त करने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News