दर्दनाक सड़क हादसा, SGPC कर्मचारी की मौके पर ही मौ/त
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 01:49 PM (IST)
अमृतसर : अमृतसर के अजनाला इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा अजनाला के गग्गोमहल गांव के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान परमजीत सिंह के रूप में हुई है, जो SGPC का कर्मचारी था। मिली जानकारी के अनुसार परमजीत सिंह सुबह ड्यूटी के लिए अपने घर से निकला था। जब वह गग्गोमहल गांव के पास पहुंचा तो सामने से क्रशर मटीरियल से भरा एक टिप्पर आया और उसकी मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि परमजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार वालों ने बताया कि परमजीत सिंह परिवार का अकेला कमाने वाला था और उसकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब चार और छह साल है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से इनसाफ की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि हादसे से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

