पंजाब में अकाली दल नेता की गाड़ी पर तेजधार हथियारों से हमला!
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 12:34 PM (IST)
जालंधर (सुनील) : जालंधर कुंज में क्रिमिनल हिस्ट्रीशीटर ने अकाली दल के हलका इंचार्ज एच.एस. वालिया की गाड़ी घेर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में वालिया तो बच गए लेकिन उनके साथी को हमलावरों ने तेजधार हथियार मार कर घायल कर दिया। हमला करने वाला व्यक्ति काफी समय से हमले की ताक में था।

वालिया ने बताया कि कुछ समय पहले कालिया कॉलोनी के रहने वाले दविंदर सिंह कंवर ने इलाके के ही अपने दोस्त की पत्नी पर गंदी नजर रखनी शुरू कर दी थी। उसने दोस्त की पत्नी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया था लेकिन विरोध करने पर वह दोस्त की पत्नी से रंजिश रखने लगा। इसी बीच उसने उनके पालतू डॉग को जहर दिया और कभी घर में आग लगा दी। वालिया ने कहा कि इस मामले में उन्होंने पीड़ित परिवार का साथ दिया था, जिसके चलते दविंदर के खिलाफ केस दर्ज होने पर उसे जेल भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि 3 माह की सजा काट कर दविंदर अब जमानत पर बाहर आया हुआ था।

बाहर आते ही उसने अपने दोस्त को मैसेज करने शुरू कर दिए कि वह उसके परिवार और पैरवी करने वाले वालिया को परिवार समेत मरवा देगा। वालिया ने कहा कि शनिवार को दविंदर सिंह कंवर ने अपने तीन साथियों समेत पहले तो अपने दोस्त के घर जाकर तोड़फोड़ की और करीब सवा 2 बजे जब वह काम के लिए घर से निकले तो उनकी गाड़ी दो गाड़िया लगा कर रोक ली।

इस दौरान हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन हमला कर दिया। हमलावरों ने वालिया को भी टार्गेट किया लेकिन उनके करीबी ने आगे आकर वालिया की जान बचाई लेकिन वह खुद तेजधार हथियार लगने से खून से लथपथ हो गया। वालिया ने कहा कि उन्होंने तुरंत गाड़ी में लगा हूटर बजाया तो इलाके के लोग तुरंत बाहर निकले। उन्होंने 2 हमलावरों को काबू कर लिया लेकिन 2 लोग भाग गए। वहीं घटना की सूचना चौकी मंड की पुलिस को दी गई जबकि अकाली नेता वालिया के करीबी को सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया।
एच.एस. वालिया ने कहा कि मंड पुलिस को कई बार कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं तो पुलिस ने उस समय उचित कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते पुलिस ने धमकियां देने वाले को पकड़ लिया होता तो आज यह घटना नहीं होती। इस संबंध में जब अस्पताल में उपचाराधीन दूसरे पक्ष के दविन्द्र सिंह कंवर से बात की तो उन्होंने आरोपों को सिरे से नाकारा है। दविंदर के साथी का कहना है कि एच.एस. वालिया और उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया, जिसमें दविंदर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उधर चौकी मंड के इंचार्ज का कहना है कि दोनों तरफ से उन्हें झगड़े की सूचना मिली है। फिलहाल वालिया की तरफ से शिकायत आई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

