Jalandhar : जीजा-साले का झगड़ा बना हिंसक! साथियों संग जीजा की बुटीक पर हमला

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 07:59 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के दशमेश नगर में एक पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा की बुटीक दुकान पर हमला कर दिया। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। हमला उस समय किया गया जब दुकान के अंदर केवल महिलाएं मौजूद थीं। पीड़ित के अनुसार, वह खाना खाने बाहर गया हुआ था, तभी उसका साला अपने साथियों के साथ धारदार हथियार लेकर दुकान में घुस आया और जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में लगे पोस्टर भी फाड़ दिए गए और वहां मौजूद महिलाएं डर के मारे सहम गईं।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका साला नशे का आदी है और पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रह चुका है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले साले की मां के साथ हुई कहासुनी के बाद इस हमले को बदले की भावना से अंजाम दिया गया।

वहीं घटना बारे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News