Punjab में शिवसेना नेता पर मारपीट के आरोप, घर में घुस कर किया हमला
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 06:04 PM (IST)
खरड़ : खरड़ की छज्जू माजरा कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में घुसकर एक युवक के साथ मारपीट, लूटपाट और उसकी थार गाड़ी छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने शिवसेना नेता राहुल मनंचा समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित मनप्रीत सिंह, पुत्र मलकीत सिंह, निवासी फ्लैट नंबर-18, ड्रीम्स होम आइकॉन, छज्जू माजरा ने बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग की कोचिंग देता है और अपने साथियों के साथ फ्लैट में रहता है।
उसने बताया कि जब फ्लैट की डोरबेल बजी और उन्होंने दरवाजा खोला, तो चार लोग जबरन फ्लैट में घुस आए। उनके हाथों में डंडे और तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसका मोबाइल फोन छीन लिया और हथियारों के बल पर पैसों की मांग की।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे धमकाकर उसकी वीडियो भी बनाई। इसके बाद वे उसकी थार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों में एक राहुल मनंचा, जो शिवसेना का नेता बताया जा रहा है, भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में थाना सिटी खरड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि जांच के बाद पीड़ित की शिकायत पर साहिबदीप सिंह (निवासी गांव सैदपुर, जिला मोहाली), धर्मवीर सिंह (निवासी खरड़), राहुल मनंचा (निवासी खरड़ सिटी) और हनी (निवासी खरड़ सिटी) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 309(4), 333, 351(2), 190 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच एएसआई दौलत सिंह कर रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

