लुधियाना के केनरा बैंक में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से रिकॉर्ड रूम और सर्वर जलकर राख
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 04:14 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): लुधियाना के हबड़ा रोड स्थित केनरा बैंक शाखा में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग की घटना में बैंक का रिकॉर्ड रूम और सर्वर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे बैंक को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे बैंक के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख तुरंत दमकल विभाग और बैंक कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना में बैंक का रिकॉर्ड रूम और सर्वर पूरी तरह जल गए। हालांकि, घटना के समय बैंक बंद होने के कारण किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। मामले की जांच कर रहे थाना पीएयू के जांच अधिकारी थानेदार अमरीक सिंह ने बताया कि आग से बैंक को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

