गुरदासपुर में दिनदहाड़े चली गोली! युवक को घायल कर आरोपी फरार, फैली दहशत
punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 05:43 PM (IST)
गुरदासपुर (विनोद, हरजिंद्र गोराया): गुरदासपुर में फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आज स्थानीय बबरी बाईपास हाईटैक नाके के पास कुछ लोगों ने नौशहरा मझा सिंह निवासी सर्वजीत सिंह को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया तथा आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल सर्वजीत सिंह को पास के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया जहां वह उपचाराधीन है। पुलिस के अनुसार गोली मारने का कारण पुरानी रंजिश है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अस्पताल में उपचाराधीन सरबजीत सिंह ने बताया कि वह अपने मोटरसाइकिल पर जा रहा था कि पीछे से आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब वह सड़क पर गिर गया, तो कार में से 5-6 युवक बाहर निकले और उसकी बुरी तरह पिटाई करने के बाद उसकी टांग में गोली मार दी। पीड़ित के अनुसार हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है।
घायल को शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल लाया गया था। उसकी बाईं टांग के घुटने के पास गोली लगी है, जबकि दाईं टांग पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है।
मौके पर पहुंचे डीएसपी शाहबाज सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

