Sidhu Moosewala का नया सॉन्ग हुआ रिलीज, "Barota" को 1 घंटे में मिले रिकॉर्ड-तोड़ Views
punjabkesari.in Friday, Nov 28, 2025 - 07:20 PM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का नया गाना ‘बरोटा’ आखिरकार रिलीज़ हो गया। जैसे ही शाम 6 बजे गाना लॉन्च हुआ, फैंस में खुशियों की लहर दौड़ गई। गाना रिलीज़ होने के एक घंटे के भीतर इस पर 2.54 लाख से ज़्यादा लाइक, 7,25,800 के करीब व्यूज़ और 2,14,000 कमेंट आ गए, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर यह गाना तेजी से ट्रेंड कर रहा है और कमेंट सेक्शन फैंस के भावुक संदेशों से भरा पड़ा है।
फैंस सिद्धू को याद करते हुए दिल छू लेने वाले कमेंट लिख रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “सिद्धू अब दुनिया में नहीं है, लेकिन हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।” कई लोगों ने बताया कि ‘बरोटा’ ने एक बार फिर उनकी पुरानी यादें ताज़ा कर दी हैं।
सिद्धू के इंस्टाग्राम पर जैसे ही गाने की रिलीज़ की अनाउंसमेंट आई, लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गाने का टीज़र भी रिलीज़ से पहले रिकॉर्ड तोड़ चुका था। सिर्फ 24 घंटे में टीज़र को 34 लाख व्यू, 10.60 लाख लाइक और 20.40 लाख कमेंट मिले थे। यह सब देखकर साफ पता चलता है कि सिद्धू का क्रेज आज भी पहले जैसा ही है।
‘बरोटा’ सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद रिलीज़ होने वाला नौवां गाना है। उनके पिता बलकौर सिंह पहले ही बता चुके थे कि यह गाना नवंबर के अंत से पहले आ जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सिद्धू का होलोग्राम वर्ल्ड टूर जनवरी 2026 में होने वाला है, जिसे लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।
सिद्धू मूसेवाला का जन्म 11 जून 1993 को पंजाब के मानसा जिले के मूसा गांव में हुआ था। 29 मई 2022 को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लेकिन उनकी मौत के बाद भी उनके गानों का क्रेज कम नहीं हुआ। हाल ही में रिलीज़ हुई उनकी एल्बम ‘मूस प्रिंट’ भी सिर्फ चार महीने में 100 मिलियन व्यूज़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। अब ‘बरोटा’ की रिलीज़ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सिद्धू का सितारा आज भी पहले की तरह चमक रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

