पत्नी के अफेयर ने ली पति की जान! खेतों में मिली लाश, पुलिस ने खोला ब्लाइंड मर्डर का राज
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 11:51 PM (IST)
अमृतसर : अमृतसर पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
एसएसपी चहल ने बताया कि 4 जून 2026 को थाना अजनाला के अंतर्गत गांव लखोवाल के खेतों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके की जांच के दौरान मामला हत्या का प्रतीत होने पर थाना अजनाला में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अजनाला कुलदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि मृतक की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे। जब इस संबंध की जानकारी मृतक को हुई तो आरोपियों ने साजिश रचकर उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। पहले मृतक की हत्या की गई और बाद में शव को खेतों में फेंक दिया गया, ताकि घटना को हादसा या अज्ञात मौत का रूप दिया जा सके।

इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पत्नी का कथित प्रेमी मंगता सिंह, सतिंदर सिंह, जसनदीप सिंह और सरवण सिंह शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपी इस साजिश में सीधे तौर पर शामिल थे और पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। मृतक की शादी करीब 10 से 12 वर्ष पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी।
इसके अलावा एसएसपी चहल ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे "युद्ध नशों के विरुद्ध" और "वार अगेंस्ट गैंगस्टर्स" अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान के दौरान दो ग्रेनेड बरामद किए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले की आगे की जांच में डीएसपी गुरिंदर नागरा और डीएसपी यादविंदर सिंह की टीमों ने नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालते हुए सात अवैध पिस्तौल भी बरामद किए।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में तीन किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के बाद गुरप्रीत नामक व्यक्ति को नामजद किया गया। जांच के दौरान उसके बैंक खातों और हवाला के माध्यम से किए जा रहे वित्तीय लेन-देन की भी जांच की गई। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि नशीले पदार्थ और हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजे जा रहे थे।
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि अमृतसर देहाती पुलिस नशा तस्करों, गैंगस्टरों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है तथा कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


