Ludhiana : तेज रफ्तार गाड़ी चालक ने खंभे को मारी टक्कर, धमाकों से दहला इलाका
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 01:16 PM (IST)
लुधियाना (खुराना) : पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन की सुंदर नगर डिवीजन के अंतर्गत पड़ते कैलाश नगर इलाके की मुख्य सड़क पर लगे बिजली के खंभे को तेज रफ्तार गाड़ी चालक ने जोरदार टक्कर मार कर गिरा कर दिया। इस दौरान बिजली के एक के बाद एक हुए कई जबरदस्त धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और दहशत के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल कर सड़कों पर आ गए।
गनीमत यह रही कि बिजली का खंबा टूट कर जमीन पर नहीं गिरा बल्कि कई फुट ऊंचाई पर हवा में ही लटकता रहा। बस्ती जोधेवाल चौक नजदीक पड़ते कैलाश नगर इलाके में जिस जगह पर उक्त घटना हुई है वहां पर इलाका निवासियों और राहगीरों की अक्सर भारी भीड़ और आवाजाई लगी रहती है।
हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बताया जा रहा है कि पहले गुरुवार की देर रात को उक्त बिजली के खंभे में किसी गाड़ी सवार द्वारा टक्कर मारी गई जबकि शुक्रवार दोपहर के समय एक अन्य तेज रफ्तार अन्य बड़ी गाड़ी के ड्राइवर द्वारा जोरदार टक्कर मारकर खंभे को बुरी तरह से तोड़ दिया, जिसके कारण बिजली की तारों में हुई स्पार्किंग और जबरदस्त धमाकों के कारण पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे के कारण पूरे इलाके में बिजली की सप्लाई कई घंटों तक प्रभावित रही जिसके कारण इलाका निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है जिसके बाद मामले की जानकारी पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को दी गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

