Party से वापस लौट रहे युवक पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, जांच में जुटी Police

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 03:35 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा, खुराना): कच्चा भागसर रोड पर रविवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे घर के गेट के सामने 21 वर्षीय युवक को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां मार दी गईं। जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में युवक अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पहले निजी अस्पताल, फिर सरकारी अस्पताल और उसके बाद फरीदकोट रेफर किया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि रविवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे अनिल कुमार अपने परिवार सहित किसी पार्टी से वापस लौट रहा था। जब वह अपने घर के गेट के सामने पहुंचा, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। परिवार के मुताबिक, उन व्यक्तियों ने अनिल कुमार से पूछा कि क्या वह यहीं रहता है, इसके तुरंत बाद उस पर गोलियां चला दीं।

पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि हमलावरों द्वारा करीब चार राउंड फायर किए गए, जिनमें से तीन गोलियां अनिल कुमार को लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घायलवस्था में अनिल को इलाज के लिए पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सरकारी अस्पताल और बाद में फरीदकोट रेफर किया गया। अनिल कुमार के माता-पिता ने बताया कि उनके बेटे की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और न ही उसकी किसी से कोई लड़ाई हुई है। परिवार ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अनिल को गोलियां क्यों मारी गईं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी के एस.एच.ओ., पुलिस अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना सिटी की एडीशनल एस.एच.ओ. रमनदीप कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चार राउंड फायर किए गए हैं और युवक को गोलियां लगी हैं। उन्होंने बताया कि घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और इस समय उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें पकड़ने को कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal