लुधियाना में दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी से हड़कंप! शीशे टूटे, यात्री बाल-बाल बचे

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 11:31 AM (IST)

लुधियाना/अमृतसर (राज): पंजाब के रेल मार्गों पर असामाजिक व शरारती तत्वों द्वारा ट्रेनों को निशाना बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में दिल्ली से अमृतसर आ रही ट्रेन नंबर 14679 'दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस' पर लुधियाना पहुंचने से ठीक पहले अज्ञात तत्वों द्वारा भारी पथराव करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेज गति से आ रही ट्रेन की खिड़की पर पत्थर लगने से कोच के तीन शीशे चकनाचूर हो गए। इस घटना से कोच के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि शीशे के टुकड़े लगने के बावजूद कोई यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इसे रेल परिचालन में आपराधिक हस्तक्षेप और यात्रियों की जान को खतरे में डालने का गंभीर कृत्य मानते हुए अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिरोजपुर कंट्रोल रूम को मिली थी सूचना, ट्रैक पर नहीं मिला कोई संदिग्ध 

रेलवे सुरक्षा बल से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (डीएससीआर) फिरोजपुर से स्थानीय आरपीएफ को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक चलती ट्रेन पर पत्थर मारा गया है, जिससे कोच की खिड़की का शीशा टूटा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के उप-निरीक्षक विजयपाल सिंह और सहायक उप-निरीक्षक चमन लाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित रेलवे ट्रैक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में गश्त कर जांच की। हालांकि, उस समय ट्रैक के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। शिकायतकर्ता द्वारा अपना संपर्क नंबर साझा न किए जाने के कारण शुरुआती क्षणों में वारदात के सटीक किलोमीटर और लोकेशन की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

अमृतसर प्लेटफॉर्म-6 पर पहुंची ट्रेन, जांच में 3 शीशे टूटे मिले 

घटना की कड़ियां जोड़ते हुए 7 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा कंट्रोल रूम द्वारा रेलवे हेल्पलाइन 139 के इनपुट साझा किए गए। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट अमृतसर के सहायक उप-निरीक्षक रणवीर सिंह ने कैरिज एंड वैगन (C&W) विंग और जूनियर इंजीनियर (JE) रोहित कुमार के साथ संयुक्त रूप से ट्रेन की पड़ताल की। मंगलवार रात करीब 10:25 बजे जब दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर पहुंची, तो अधिकारियों ने पूरे रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कोच नंबर NR 246321 (LWSCZ) में सीट नंबर 43, 44 और 45 के पास लगी खिड़की के दोनों तरफ के कुल 3 शीशे बुरी तरह टूटे और क्षतिग्रस्त पाए गए। रेलवे तकनीकी विंग और सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही इसका आधिकारिक संयुक्त नोट तैयार किया।

लुधियाना आउटर के पास बाईं तरफ से फेंका गया था पत्थर 

तकनीकी जांच और यात्रियों से जुटाए गए प्राथमिक इनपुट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि ट्रेन जब लुधियाना स्टेशन की सीमा में प्रवेश करने वाली थी, तभी ट्रैक के बाईं तरफ से किसी अज्ञात उपद्रवी ने चलती ट्रेन पर निशाना साधकर भारी पत्थर फेंका। पत्थर सीधे कोच की खिड़की पर लगा, जिससे शीशे टूटकर अंदर बिखर गए। उस वक्त सीट पर यात्री बैठे हुए थे, जो बाल-बाल बचे।

रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत FIR, CCTV खंगाल रही RPF 

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी कर रेल यात्रियों व रेलकर्मियों की जान को सीधे तौर पर खतरे में डालने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 (ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालना) और धारा 147 (रेलवे संपत्ति पर अवैध प्रवेश) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत तफ्तीश उप-निरीक्षक विजयपाल सिंह को सौंपी गई है। रेलवे सुरक्षा बल और अन्य खुफिया एजेंसियां लुधियाना से पहले पड़ने वाले रेलवे ट्रैक, आउटर सिग्नल, पुलियों और आसपास के रिहायशी इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है और ट्रैक के आसपास पत्थरबाजी करने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News