बारिश से पहले आफत बनी आंधी! पेड़ गिरने से सड़क पर गिरीं हाईवोल्टेज बिजली तारें, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 02:36 PM (IST)

जालंधर (सोनू) : शहर में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं के कारण डीएवी कॉलेज के पास सेठ हुकम चंद कॉलोनी के सामने एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

तेज आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ा सफेदे का पेड़ टूटकर हाईवोल्टेज बिजली की तारों पर गिर गया। पेड़ के भार से बिजली की तारें टूटकर सड़क पर आ गिरीं। राहत की बात यह रही कि देर रात सड़क पर आवाजाही कम होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान आसपास के कई घरों की बिजली भी प्रभावित रही।

rain alert

बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में जंगलात विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि संबंधित पेड़ पहले से कमजोर था और समय रहते उसकी कटाई या छंटाई नहीं की गई। अधिकारियों का यह भी कहना है कि पेड़ों की नियमित देखभाल नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में करीब 150 से 200 परिवार रहते हैं और सड़क पर दिनभर भारी आवाजाही रहती है। उनका कहना है कि अगर यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद जंगलात विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल बिजली विभाग की टीम तारों की मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News