पंजाब बजट विकास का नहीं, विनाश और कर्ज के दलदल का दस्तावेज: सुभाष शर्मा
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 12:11 PM (IST)
जालंधर: आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार द्वारा पेश किए गए पंजाब बजट 2026-27 को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने इस बजट को पंजाब की जनता के साथ सबसे बड़ा धोखा और सिर्फ 'चुनावी लॉलीपॉप' करार दिया है। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि विनाश और कर्ज के दलदल का दस्तावेज है, जिसमें हर वर्ग को सिर्फ और सिर्फ झूठ परोसा गया है।
गारंटी के नाम पर पंजाब की जनता से सरेआम धोखा
भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले जो 'गारंटियां' दी थीं, वे आज तक पूरी नहीं हुई हैं। अब जब चुनाव सिर पर हैं, तो सरकार ने फिर से आंकड़ों की बाजीगरी दिखाकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि चार साल तक सरकार कुंभकर्णी नींद सोती रही और अब जाते-जाते लुभावने वादे कर रही है, जिसकी हकीकत पंजाब का बच्चा-बच्चा जान चुका है।
महिलाओं और युवाओं के अरमानों का किया कत्ल
महिलाओं को दिए जाने वाले भत्ते पर कड़ा ऐतराज जताते हुए डॉ. शर्मा ने इसे आधी आबादी का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से महिलाओं का पैसा दबाकर बैठी सरकार अब चुनाव देखकर जो 1000 और 1500 रुपये थमाने की बात कर रही है, वह असल में एक भद्दा मजाक है। अगर सरकार की नीयत साफ होती तो पिछले सालों का पूरा बकाया महिलाओं के खातों में डालती। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब का युवा रोजगार और 3000 रुपये बेरोजगारी भत्ते की आस लगाए बैठा था, लेकिन सरकार ने युवाओं को पूरी तरह से ठेंगा दिखा दिया है।
कर्ज के गहरे दलदल में धंसता जा रहा है पंजाब
पंजाब की चरमराई आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि मान सरकार ने राज्य को दिवालिया होने की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। आज पंजाब पर सवा चार लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी भरकम कर्ज हो चुका है और सरकार हर साल सिर्फ अपना खर्च चलाने के लिए हजारों करोड़ का नया कर्ज ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कर्ज के पैसे का इस्तेमाल पंजाब के विकास में नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के झूठे विज्ञापनों और राजनीतिक रैलियों की ब्रांडिंग में किया जा रहा है।
किसान, कर्मचारी और व्यापारी पूरी तरह हाशिए पर
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसानों, व्यापारियों और कर्मचारियों को इस बजट से पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। किसानों को न तो बाढ़ का उचित मुआवजा मिला और न ही एम.एस.पी. व फसल विविधीकरण पर कोई ठोस नीति बनी। वहीं, सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना (ओ.पी.एस.) की बहाली और अपने भत्तों का इंतजार करते रह गए। इंडस्ट्री और व्यापारियों को राहत देने के बजाय सरकार ने उन्हें इंस्पेक्टर राज के हवाले कर दिया है।
सिर्फ विज्ञापनों की सरकार, जमीन पर विकास शून्य
अपने बयान के अंत में भाजपा नेता ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल पूरी तरह फेल हो चुका है। स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के लिए फंड नाकाफी हैं और स्कूलों के नाम पर सिर्फ करोड़ों रुपये का रंग-रोगन कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। डॉ. सुभाष शर्मा ने चेतावनी दी कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के हर गांव और मोहल्ले में जाकर आम आदमी पार्टी के इस 'झूठे और दिशाहीन बजट' की पोल खोलेगी। पंजाब की जनता अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है और आगामी चुनावों में इस धोखेबाजी का कड़ा जवाब देगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

