खैहरा धड़े के विधायकों ने बढ़ाई 'आप' की सिरदर्दी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 09, 2019 - 11:13 AM (IST)

जालंधर(बुलंद): आम आदमी पार्टी के नाराज विधायकों को मनाने की योजना पर सुखपाल खैहरा धड़े के विधायक पानी फेरते दिखाई दे रहे हैं। खैहरा के इस्तीफे ने यह साबित कर दिया है कि अब किसी हाल में आप पार्टी का नाराज नेताओं को मनाने का फार्मूला सफल नहीं हो रहा। इससे पहले पार्टी के पूर्व सी. नेता एच.एस. फूलका ने भी इस्तीफा देकर पार्टी को करारा झटका दिया था।
PunjabKesari
अब ताजा हालातों बारे पार्टी जानकारों की मानें तो खैहरा धड़े के एक अन्य नेता बलदेव सिंह द्वारा पार्टी से इस्तीफा देने के आसार बढ़ते जा रहे हैं। पार्टी जानकारों की मानें तो लोकसभा चुनावों से पहले खैहरा अपनी नई बनाई गई सियासी पार्टी को पंजाब में खड़ा देखना चाहते हैं इसलिए वह अपने साथ चल रहे अन्य विधायकों को इस्तीफा देने के लिए मनाने में लगे हैं। सूत्रों के अनुसार अगला इस्तीफा बलदेव सिंह का होगा और उन्हें आगामी लोकसभा चुनावों में मैदान में भी उतारा जा सकता है। खैहरा ने यह भी कहा कि वह सारे विधायकों को इस्तीफे देने को नहीं कह रहे क्योंकि बिना कारण उपचुनावों का माहौल पैदा करना ठीक नहीं है।
PunjabKesari
वहीं, दूसरी ओर ऐसी खबरें भी गुप्त सूत्रों के हवाले से मिल रही हैं कि खैहरा धड़े के कुछ विधायकों की अंदरखाते आप हाईकमान से सैटिंग भी चल रही है जिसके चलते वे किसी भी समय खैहरा से किनारा कर सकते हैं। इस बारे गत दिनों खैहरा धड़े की एक बैठक में उनके ही धड़े के कुछ विधायकों के शामिल न होने पर धड़े के एक नेता ने इसे उनकी राजनीतिक योजनाबंदी का हिस्सा बताया। फिलहाल खैहरा के साथ इस समय कंवर संधू जोकि आप से निष्कासित हैं, के अलावा अन्य 5 आप विधायकों में जैतो के बलदेव सिंह, मानसा के नाजर सिंह मानशाहिया, रायकोट के जगतार सिंह जग्गा, मौड़ के जगदेव सिंह कमालू और बहादुरगढ़ के पिरमल सिंह शामिल हैं। पिरमल सिंह का कहना है कि खैहरा के साथ चल रहे सारे विधायक एक हैं और नई पार्टी का गठन पंजाब के हितों के लिए किया गया है। वहीं, दूसरी ओर जानकारों की मानें तो खैहरा को अंदरखाते कांग्रेस की सपोर्ट मिल रही है कि वह आप के विरुद्ध पंजाब में लोकसभा चुनाव नई पार्टी के द्वारा लडें़ ताकि आप की बची-खुची वोट भी मालवा से तोड़ी जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News