सुनील जाखड़ ने पंजाब पुलिस की एडवाइजरी पर जताई हैरानी, पढ़ें...
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 06:58 PM (IST)
पंजाब डेस्क : “आजकल पंजाब में अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस ही गैंगस्टरों और गुंडों के खौफ से डरी हुई है।” यह बात भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। दरअसल, भाजपा नेता पंजाब में पुलिस कर्मचारियों पर लगातार हो रहे हमलों के बाद पंजाब पुलिस द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी की गई एडवाइजरी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
सुनील जाखड़ ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अपराधियों द्वारा एक के बाद एक कई पुलिस अधिकारियों की हत्या किए जाने के बाद माना जा रहा है कि पंजाब सरकार ने एक एडवाइजरी जारी की है, जो राज्य की कानून-व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर पेश करती है।” उन्होंने कहा कि इस एडवाइजरी में पुलिस कर्मचारियों को अकेले यात्रा करने से बचने, आने-जाने के दौरान वर्दी पहनकर यात्रा न करने, दोपहिया वाहनों पर सफर न करने और प्राथमिकता के आधार पर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। सुनील जाखड़ ने पंजाब पुलिस की इस एडवाइजरी पर हैरानी जताते हुए सवाल किया कि क्या यह वही पंजाब पुलिस है, जिसने पंजाब में आतंकवाद का खात्मा किया था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

