सिविल सिटी में ''सुपरफास्ट'' लुटेरे! 20 मिनट में दो वारदातें... पुलिस के दावों की निकली हवा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 09:59 AM (IST)

लुधियाना (राज): लुधियाना में सुपरफास्ट लुटेरों का आतंक फैला हुआ है। चंद्र नगर के सिविल सिटी इलाके में इन दिनों बदमाशों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। अब लुटेरों को न तो पुलिस का खौफ रहा है और न ही दिन के उजाले का। कल दोपहर महज 20 मिनट के भीतर एक ही शातिर लुटेरे ने बैक-टू-बैक 2 वारदातों को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। इस पूरी घटना का सनसनीखेज सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

जानकारी के मुताबिक, काली जुपिटर स्कूटी पर सवार एक युवक, जिसने पहचान छिपाने के लिए टोपी वाली स्वेटर पहनी हुई थी। उसने पहली वारदात में पैदल जा रही एक महिला को निशाना बनाया। लुटेरे ने महिला के हाथ से आईफोन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला की बहादुरी और सूझबूझ के चलते वह मोबाइल झपटने में नाकाम रहा और वहां से फरार हो गया।

पहली वारदात में नाकाम होने के बावजूद इस बेखौफ लुटेरे ने ठीक 10-15 मिनट बाद अगली ही गली में उसने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। वहां एक महिला अपने घर से सामान लेने निकली थी कि तभी पीछे से आए इस स्कूटी सवार ने झपट्टा मारकर महिला का पर्स छीन लिया। पीड़ित महिला शोर मचाते हुए काफी दूर तक लुटेरे के पीछे भागी, लेकिन शातिर आरोपी अपनी तेज रफ्तार स्कूटी पर सवार होकर गलियों से रफूचक्कर हो गया।

इलाके में दहशत, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

दोपहर के वक्त हुई इन वारदातों से सिविल सिटी के निवासियों में भारी रोष और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दिन-दिहाड़े महिलाएं अपने घरों के बाहर सुरक्षित नहीं हैं, तो पुलिस की गश्त और चौकसी सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। एक ही शख्स महज 20 मिनट के अंतराल में 2 बार वारदात की हिम्मत कैसे कर सकता है? यह सीधे तौर पर प्रशासन और पुलिस को खुली चुनौती है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है, लेकिन इस घटना ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News