Alert! जालंधर में स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, नए मामले आए सामने
punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 06:29 PM (IST)
जालंधर : पंजाब भर में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे है। इसी बीच जालंधर जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जिला महामारी विशेषज्ञ के अनुसार, जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 15 मामले सामने आ चुके हैं। वीरवार को भी विभाग को और 2 रोगियों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई जिससे जिले में कुल रोगियों की संख्या 15 पर पहुंच गई है।
सिविल सर्जन डॉ राजेश गर्ग ने बताया कि विभाग को डीएमसी लुधियाना से वीरवार को जिन 2 स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव रोगियों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है उनमें से 51 वर्षीय पुरुष सरगुंडी रोड गोराया तथा 62 वर्षीय महिला लिंक कॉलोनी जालंधर की रहने वाली है। दोनों रोगियों का डी.एम.सी. में उपचार चल रहा है। सिविल सर्जन ने बताया कि विभाग ने अब तक स्वाइन फ्लू के संदिग्ध जिन रोगियों के सैंपल लिए हैं और उनमें से 15 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
सिविल अस्पताल में वार्ड तैयार
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के इलाज के लिए सिविल अस्पताल में 14 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। इसके अलावा खांसी, जुकाम और फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों के लिए अलग से ‘फ्लू कॉर्नर’ बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में 6 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी की जा सकती है।
भीड़ से बचने और मास्क लगाने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, जरूरत पड़ने पर मास्क पहनने और नियमित रूप से हाथ धोने की सलाह दी है। साथ ही फोन, रिमोट कंट्रोल और अन्य बार-बार छुई जाने वाली वस्तुओं को सैनिटाइज करने के लिए भी कहा गया है। वहीं, स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए अमृतसर भेजे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
वहीं आपको बता दें कि, स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जालंधर में करीब 3-4 साल बाद स्वाइन फ्लू के मामलों में इस तरह की बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले पिछले कुछ वर्षों में जिले में स्वाइन फ्लू के केवल एक-दो मामले ही सामने आते रहे थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

