श्री बंगला साहिब में नतमस्तक हुए तरुण चुघ, मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर की अरदास

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 04:26 PM (IST)

पंजाब डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को आज 12 वर्ष पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने आज नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में मत्था टेका और प्रधानमंत्री की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य तथा देश के निरंतर नेतृत्व के लिए अरदास की। प्रधानमंत्री मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने के इस गौरवशाली अवसर पर देशभर में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारा साहिब और मंदिरों में शीश नवाकर प्रार्थना की।

PunjabKesari

तरुण चुघ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे हुए हैं और 4399 दिनों का यह गौरवमय इतिहास देश को उन्नति की ओर ले जाने वाला रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित कार्यकाल से भी अधिक समय तक देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में पूरी दुनिया ने भारत की चमक और धमक देखी है- संस्कार की बात हो या देश का नाम रोशन करने की बात हो, गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने की बात हो या विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने की बात हो, विरासत को नमन करने की बात हो- देश हर क्षेत्र में कई गुना आगे बढ़ा है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है और 81 करोड़ गरीबों के घर मुफ्त राशन पहुंच रहा है।

PunjabKesari

तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा पंजाबी और सिख भाईचारे की आवाज सुनी है। करतारपुर कॉरिडोर का लांघा खोलना, जिसके लिए संगत दशकों से हर अरदास में प्रार्थना करती थी, वह अरदास प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी की है। यह केवल सिखों के लिए नहीं बल्कि विश्व भर की नानक नाम लेवा संगत के लिए ऐतिहासिक दिन था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने श्री हरमंदिर साहिब के लंगर से जीएसटी माफ किया, श्री हरमंदिर साहिब को एफसीआरए का लाइसेंस दिलाया, पंजाब के गुरुद्वारों को जोड़ने वाली सर्कुलर रोड बनाई और श्री हरमंदिर साहिब के आसपास सौंदर्यीकरण का स्वर्णिम प्रोजेक्ट पूरा किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पंजाब को दो पीजीआई, एक एम्स, कैंसर इंस्टीट्यूट, दो मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, सड़कों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हजारों करोड़ रुपये और रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए लगभग 3000 करोड़ रुपए मिले हैं। वॉर मेमोरियल, बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का स्मारक और साहिबजादों के बलिदान को वीर बाल दिवस के रूप में पूरे देश और विश्व में मनाना प्रधानमंत्री जी की सिख विरासत के प्रति गहरी श्रद्धा का जीता-जागता प्रमाण है।

तरुण चुघ ने कहा कि आज गुरुद्वारा साहिब में अरदास की गई है कि गुरु महाराज प्रधानमंत्री मोदी को लंबी आयु और शक्ति दें, वे अगले दशकों तक देश का नेतृत्व करते रहें, उनके नेतृत्व में 2047 तक भारत विकसित भारत बने और देश में सुख, शांति और समृद्धि आए। उन्होंने बताया कि गुरु घर से प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर सिरोपा, चोला और पुष्प गुच्छ का आशीर्वाद मिला है, जिसे वे स्वयं प्रधानमंत्री मोदी के निवास पर पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि आज सुने गए कीर्तन में गुरुओं का शाश्वत संदेश मिला- "मानस की जात सबै एकै पहचानबो" — संगत और पंगत का संदेश, "मेरा मुझ में कुछ नहीं, जो कुछ है सो तेरा" की भावना का संदेश, जो हम सबका मार्गदर्शन करता रहेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News