DM रंधावा केस: आम आदमी पार्टी पर तरुण चुघ का बड़ा आरोप, बोले-कोर्ट में पेशी या शक्ति प्रदर्शन?
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 03:05 PM (IST)
पंजाब डेस्क : डी.एम. रंधावा मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक निर्दोष सरकारी अधिकारी पर भ्रष्टाचार की उगाही करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडरों में गैरकानूनी बदलाव करवाने, अधिकारी के साथ मारपीट करने और मानसिक दबाव बनाने की वजह से यह मामला हत्या तक पहुंच गया।
तरुण चुघ ने कहा कि इस मामले में तथाकथित आरोपियों को अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर को पुलिस द्वारा वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों का महिमामंडन किया जा रहा है, मीडिया मैनेजमेंट किया जा रहा है, समर्थकों से नारेबाजी करवाई जा रही है और कोर्ट की पेशी को शक्ति प्रदर्शन में बदला जा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह सब मृतक अधिकारी के परिवार पर दबाव बनाने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को बचाने के लिए पूरी की पूरी भगवंत मान सरकार अरविंद केजरीवाल के इशारे पर काम कर रही है। हैरानी की बात यह है कि अभी तक इस मामले में हत्या का पर्चा तक दर्ज नहीं किया गया है।
तरुण चुघ ने मांग की कि मामले को तुरंत सीबीआई को सौंपा जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि टेंडर में अवैध बदलाव के खिलाफ लड़ने वाले अधिकारी के परिवार पर कोर्ट परिसर में शक्ति प्रदर्शन किया जाना कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने जैसा है। यह वीआईपी कल्चर का घिनौना खेल है, जो पंजाब में मौजूदा सरकार के इशारे पर खेला जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

