हथियारबंद लुटेरों का आतंक: बाइक सवार को दात दिखाकर दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 09:57 AM (IST)
लुधियाना (राज): मोती नगर पुल पर देर रात बाइक सवार युवकों को हथियार के बल पर निशाना बनाने का मामला सामने आया है। अपने घर लौट रहे एक युवक को 3 अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया और तेजधार हथियार दिखाकर उसकी होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना मोती नगर की पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सुभाष सिंह ने बताया कि बीते 1 अगस्त को वह अपनी काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह मोती नगर पुल के ऊपर पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 3 अज्ञात युवकों ने उसे रास्ते में जबरन रोक लिया। आरोपियों ने बिना कोई मौका दिए अपने पास से लोहे का तेजधार दात निकाला और पीड़ित पर तान दिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने पीड़ित से उसकी मोटरसाइकिल छीनी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोती नगर पुल और आसपास के मुख्य चौराहों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

