जालंधर में नई सड़क ने खोली निगम के विकास दावों की पोल, BJP ने उठाया मुद्दा

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 11:33 AM (IST)

​जालंधर (राहुल): गांव बड़िंग में नगर निगम द्वारा हाल ही में बनाई गई सड़क के चंद दिनों के भीतर उखड़ जाने का गंभीर मामला अब भारतीय जनता पार्टी, पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मेयर राकेश राठौर के संज्ञान में पहुंच गया है। पार्टी नेताओं व स्थानीय निवासियों ने पूर्व मेयर राठौर से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और नगर निगम की घटिया कार्यप्रणाली के खिलाफ समुचित प्रशासनिक कार्रवाई करवाने का आग्रह किया।

​इस संबंध में केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्त्ताओं ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है। सड़क बने अभी कुछ ही दिन हुए थे कि यह कई जगहों से पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।

​शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करना नगर निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन बडिंग की इस सड़क ने निगम के विकास दावों की पोल खोल कर रख दी है। ​स्थानीय नेताओं ने पूर्व मेयर राठौर से हस्तक्षेप कर उच्चाधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News