Jalandhar : एक साल में उखड़ी करोड़ों से बनी मॉडल टाउन की सड़कें, मिट्टी के पैचवर्क से निगम की किरकिरी
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 09:56 AM (IST)
जालंधर (खुराना): नगर निगम के बीएंडआर विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में पिछले साल करोड़ों रुपए खर्च करके बनाई गई सड़कें एक साल भी नहीं टिक पाईं और अब टूटी सड़कों की मुरम्मत के नाम पर निगम ने वहां मिट्टी के पैच लगाकर खानापूर्ति शुरू कर दी है। इससे सड़क की हालत सुधारने की बजाय इलाका और ज्यादा गंदा दिखाई देने लगा है।
मॉडल टाउन में पिछले साल जब नई सड़कों का निर्माण हो रहा था, तब कांग्रेसी नेता सुदेश विज ने सड़क निर्माण की क्वालिटी पर सवाल उठाते हुए साफ कहा था कि सड़कें घटिया तरीके से बनाई जा रही हैं । उस समय निगम अधिकारियों ने उनकी आपत्ति को गंभीरता से नहीं लिया। अब एक साल से भी कम समय में सड़कें टूटने लगी हैं और निर्माण कार्य की क्वालिटी पर उठे पुराने सवाल फिर सामने आ गए हैं।
मॉडर्न अस्पताल के नजदीक सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़क से बजरी उखड़कर बाहर आ रही है और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सुदेश विज की शिकायत के बाद निगम ने यहां पैच वर्क शुरू किया, लेकिन पैच वर्क देखकर लोग भी हैरान रह गए। टूटी सड़क पर लुक बजरी से मरम्मत करने की बजाय मिट्टी डालकर पैच लगा दिए गए।
गौरतलब है कि मेयर पिछले काफी समय से मॉडल टाउन और आसपास के इलाके को सुंदर बनाने में जुटे हुए हैं। इसके बावजूद निगम अधिकारियों की ऐसी कार्यप्रणाली से सरकार और नगर निगम दोनों की छवि खराब हो रही है। मिट्टी के यह पैच थोड़ी सी बारिश के बाद कीचड़ में बदल जाएंगे और सड़क की हालत पहले से भी ज्यादा खराब होने की आशंका है।
नगर निगम हर साल पैच वर्क के नाम पर लाखों रुपये के टेंडर जारी करता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर पैच वर्क पर इतना पैसा खर्च हो रहा है तो टूटी सड़कों की हालत सुधर क्यों नहीं रही? मॉडल टाउन में मिट्टी के पैच लगाने की कार्रवाई ने पैच वर्क के नाम पर होने वाले खर्च पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर निगम द्वारा पिछले वर्षों में पैच वर्क के नाम पर जारी किए गए टैंडरों, किए गए भुगतान और जमीन पर हुए काम की जांच करवाई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

