बरनाला में चोरों का आतंक, दुकानों को बनाया निशाना, लाखों के सामान पर किया हाथ साफ
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 02:25 PM (IST)
बरनाला (सिंधवानी): शहर के रामबाग रोड और अनाज मंडी रोड पर स्थित सर्वहितकारी स्कूल के नजदीक बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। घटना का पता उस समय चला जब सुबह दुकानदारों ने आकर देखा कि दुकानों के ताले और लोहे की जालियां टूटी हुई थीं तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इस मौके पर एएसआई सतनाम सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
पीड़ित दुकानदार नरेश कुमार, जो स्कूल यूनिफॉर्म और इनवर्टर का कारोबार करते हैं, ने बताया कि चोर दुकान के पीछे लगे मजबूत लोहे के जाल को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने कहा कि इलाके में नशे की समस्या बढ़ने के कारण चोरी की वारदातों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं दूसरी दुकान ‘शुभम मेडिकल हॉल’ के मालिक शुभम कुमार ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे जब उनके पिता ने दुकान खोली तो सीढ़ियों का गेट टूटा हुआ था। सीसीटीवी कैमरों को मोड़ा गया था और गल्ला साफ किया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि 112 नंबर पर सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
मौके पर पहुंचे एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि चोरों ने ‘शुभम मेडिकल हॉल’ और ‘टी.एस. मल्टी कॉम्प्लेक्स’ को निशाना बनाया है। दुकान मालिकों द्वारा नुकसान का पूरा विवरण देने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा। पुलिस की देरी के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पीसीआर टीम मौके पर पहुंच चुकी थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

