ग्राहक बनकर आया शातिर चोर मिनटों में कर गया वारदात, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 11:22 AM (IST)
लुधियाना (राज): ताजपुर रोड स्थित किशोर नगर में करियाना दुकान से ग्राहक बनकर सामान खरीदने के बहाने से आए युवक ने काऊंटर से दुकानदार का मोबाइल चुरा लिया। इसके बाद अपनी एक्टिवा पर बैठ कर फरार हो गया। पास ही लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में आरोपी एक्टिवा सवार कैद हो गया। फुटेज में आरोपी का चेहरा और एक्टिवा का नंबर साफ नजर आ रहा है। दुकानदार ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस को दी।
दुकानदार कर्मजीत सिंह ने बताया कि उसकी गुरु जी करियाना और कन्फैशनरी शॉप है। आरोपी युवक बड़े ही शातिराना अंदाज में एक्टिवा पर सवार होकर दुकान पर आया था। उसने पहले तो ग्राहक बनकर सामान निकलवाया ताकि उन्हें अपनी बातों में उलझा सके। जैसे ही उसका ध्यान सामान निकालने में लगा, आरोपी ने काऊंटर पर पड़ा मोबाइल उठाया और देखते ही देखते अपनी एक्टिवा पर रफूचक्कर हो गया। उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक शातिर लुटेरा आंखों से ओझल हो चुका था। हालांकि, दुकान के नजदीक ही लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद हो गया था। कैमरे की फुटेज में न केवल आरोपी का चेहरा साफ नजर आ रहा है, बल्कि उसकी एक्टिवा का नंबर भी पुलिस के हाथ लग गया है।
पुलिस की शुरूआती तफ्तीश में पता चला है कि जिस एक्टिवा पर आरोपी सवार था, वह किसी महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने नंबर के जरिए आरोपी के घर का एड्रैस ट्रैस कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही उसे दबोच कर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

