Ludhiana में शातिर चोरों का कारनामा, रस्सी से बांधे घरों के दरवाजे और... CCTV में कैद 30 मिनट का खेल

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 01:15 PM (IST)

लुधियाना (राज): टिब्बा रोड स्थित इलाका गुरु गोबिंद सिंह नगर में चोरों द्वारा चोरी की एक बेहद अनोखी और शातिराना वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। गली में खड़ी ई-रिक्शा से बैटरियां चुराने आए शातिरों ने पहले आसपास के घरों के मुख्य दरवाजों को बाहर से रस्सियों से बांध दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने तसल्ली से ई-रिक्शा की 4 बैटरियां निकालीं और फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, वारदात सुबह करीब 4:00 बजे की है। गली में घुसे चोरों ने सबसे पहले उन घरों को निशाना बनाया जिनके दरवाजे बाहर की तरफ खुलते थे। किसी के जागने या बाहर आने की आहट से बचने के लिए उन्होंने घरों के दरवाजों की कुंडी पर रस्सियां बांध दीं। इसके बाद शातिरों ने गली में पार्क की गई ई-रिक्शा के लॉक तोड़े और करीब 30 मिनट का समय लगाकर चारों बैटरियां खोलकर निकाल लीं और आसानी से रफूचक्कर हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजे बंद मिले। काफी मशक्कत के बाद जब पड़ोसियों की मदद से दरवाजे खोले गए और बाहर आकर देखा तो ई-रिक्शा से बैटरियां गायब थीं।

पीड़ित ई-रिक्शा मालिक हेमराज ने नम आंखों से बताया कि मंदी और काम की कमी के चलते पहले ही परिवार का गुजर-बसर बड़ी मुश्किल से हो रहा था। ई-रिक्शा चलाकर ही वह अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। चारों बैटरियां चोरी हो जाने से उन्हें करीब 50,000 रुपए का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है और अब उनका वाहन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र से एक ई-रिक्शा चोरी होने की घटना हुई थी। इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों ने स्थानीय पुलिस की गश्त प्रणाली पर नाराजगी जताई है। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और थाना टिब्बा पुलिस को दे दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News