नेपाल की बाढ़ में तरनतारन के तीन लोग लापता, 25 अगस्त के बाद नहीं हुआ कोई संपर्क
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 06:17 PM (IST)
तरनतारन (रमन): तरनतारन जिले के गांव रत्तोके से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। नेपाल में आई बाढ़ के दौरान गांव रत्तोके का निवासी शमशेर सिंह संधू अपने दो रिश्तेदारों समेत लापता हो गया है। तीनों से पिछले कई दिनों से कोई संपर्क नहीं होने के कारण परिवार के सदस्यों में भारी चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शमशेर सिंह संधू पुत्र स्वर्ण सिंह नेपाल में एंड्रिट्ज कंपनी के त्रिशूली अपर पावर हाउस प्रोजेक्ट में क्रेन चालक के रूप में काम करता था। उसके साथ उसका साला भूपिंदर सिंह और रिश्तेदार रशपाल सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह भी रह रहे थे। परिवार के मुताबिक, 25 अगस्त को व्हाट्सऐप कॉल के जरिए शमशेर सिंह से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद तीनों से कोई संपर्क नहीं हो सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर तरनतारन को पत्र लिखकर मदद की अपील की है। परिवार और गांववासियों ने केंद्र सरकार तथा विदेश मंत्रालय से अपील की है कि काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और नेपाल सरकार के साथ तालमेल कर तीनों लापता व्यक्तियों की जल्द से जल्द तलाश करवाई जाए।

