लुधियाना में ट्रैफिक व्यवस्था Fail! प्रशासन की लापरवाही से जनता परेशान
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 07:09 PM (IST)
लुधियाना (गणेश): लुधियाना के बस्ती जोधेवाल चौक में ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। यहां लगी ट्रैफिक लाइटों के सही तरीके से चालू और बंद न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक लाइटों के सही संचालन न होने के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। जब लाइटें चालू की जाती हैं तो केवल एक ही दिशा का ट्रैफिक निकल पाता है, जबकि दूसरी ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है और उनका समय भी बर्बाद होता है।

स्थिति को और खराब करने में रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन चालकों की भी बड़ी भूमिका है। बड़ी संख्या में लोग गलत दिशा से आना-जाना करते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ जाती है और जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसे नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी संदेह पैदा हो रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलिस की मौजूदगी या सख्ती नजर नहीं आती, जिसके कारण हालात दिन-ब-दिन और बिगड़ते जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इन ट्रैफिक लाइटों को लगे हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इनमें आई तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया जा सका है। इससे साफ जाहिर होता है कि संबंधित विभाग और पुलिस इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं।

स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करने पर विवश होंगे। लोगों ने मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

