लुधियाना में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने महिला को कुचला, मंजर देख सहमे लोग
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 09:53 PM (IST)

लुधियाना (अशोक): लुधियाना शहर में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार एक अज्ञात कार सवार ने सड़क पार कर रही प्रवासी महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक ने महिला को टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोके बिना तुरंत घटनास्थल से फरार हो गया। मामला सुंदरनगर थाने का बताया जा रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। महिला की पहचान फिलहाल प्रवासी मजदूर के तौर पर हुई है, जो रोजाना की तरह अपने काम से लौटते समय सड़क पार कर रही थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयानक था कि कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।