Jalandhar : रामामंडी फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौ/त
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 12:25 PM (IST)
जालंधर (सोनू): रामामंडी फ्लाईओवर के पास कैंट आर्मी गेट की सर्विस लेन पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान मुनीश के रूप में हुई है। घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के मुताबिक, मुनीश और दीपक फगवाड़ा के नजदीक एक मरीज के घर पट्टी करने के लिए गए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक पर जालंधर लौट रहे थे। जैसे ही वे रामामंडी फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान मुनीश ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दीपक भी घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल दीपक ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक काफी तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उसने चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों और चालक की स्थिति की पुष्टि हो सकेगी।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना कैंट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई बलवंत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से रामामंडी फ्लाईओवर के पास ट्रक से हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

