लुधियाना में पुलिस को चकमा! CP दफ्तर के बाहर से हथकड़ी समेत 2 आरोपी फरार

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:55 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले पुलिस कमिश्नर (CP) कार्यालय परिसर के बाहर पुलिस कस्टडी से दो शातिर आरोपियों के हथकड़ी समेत फरार हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिमांड पर चल रहे दोनों आरोपियों ने पूछताछ के इंतजार के दौरान पहले अचानक तबीयत बिगड़ने का नाटक रचा। इसके बाद जैसे ही पुलिस कर्मचारी ने उसकी सुध लेने के लिए हथकड़ी की ग्रिप ढीली की, आरोपी पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का देकर सड़क पर गिराते हुए हथकड़ी समेत भाग निकले।

इस बड़ी लापरवाही और फरारी की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टडी से भागने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में नया आपराधिक मुकद्दमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, थाना मॉडल टाउन में 8 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई थी।उक्त मामले की तफ्तीश करते हुए पुलिस ने 12 अक्टूबर को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान।प्रिंस शर्मा उर्फ प्रिंस (निवासी गांव जोपमाजरा, थाना अमरगढ़, जिला मलेरकोटला),,रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू (निवासी मोहल्ला जगतपुरा, फिल्लौर, जिला जालंधर) के रूप में हुई थी।13 अक्टूबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ और रिकवरी के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था।

क्राइम ब्रांच में चल रही थी पूछताछ, CP दफ्तर के बाहर गाड़ी में कर रहे थे इंतजार
घटनाक्रम के अनुसार, पुलिस रिमांड के दौरान मामले के गहन अनुसंधान के लिए पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर क्राइम ब्रांच-1 (सीआईए) पहुंची थी। वहां पहले से ही एक अन्य मामले के आरोपी से पूछताछ की प्रक्रिया चल रही थी। इसके चलते पुलिस टीम के अधिकारी व मुलाजिम दोनों आरोपियों को सरकारी गाड़ी में बैठाकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर अपनी बारी का इंतजार करने लगे।

तबीयत खराब होने का बनाया बहाना, मुलाजिम को धक्का देकर हथकड़ी समेत फरार
इसी दौरान गाड़ी में बैठे आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू ने अचानक पेट दर्द व तेज घबराहट होने का नाटक शुरू कर दिया और जोर-जोर से कराहने लगा। उसकी हालत बिगड़ती देख जैसे ही तैनात पुलिस कर्मचारी ने स्थिति संभालने और जांचने के लिए उसकी हथकड़ी खोली की, तभी रमनदीप और उसके साथी प्रिंस शर्मा ने पूरी ताकत से पुलिसकर्मी पर हमला करते हुए उसे जोरदार धक्का मार दिया। मुलाजिम के नीचे गिरते ही दोनों शातिर फुर्ती से गाड़ी से बाहर कूदे और हाथ में लगी हथकड़ी समेत भीड़भाड़ और गलियों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों के हाथ-पांव फूल गए।

डिवीजन नंबर-5 में BNS की धाराओं में केस दर्ज, अलर्ट जारी
दिनदहाड़े पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बिल्कुल पास हुई इस फरारी की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शहर के तमाम निकास मार्गों पर तुरंत नाकाबंदी करवा दी गई। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों प्रिंस शर्मा उर्फ प्रिंस और रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 (हिरासत से भागना), 221 और 132 (सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा पहुंचाना व हमला करना) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों, मलेरकोटला और फिल्लौर में दबिश दी जा रही है और रेलवे स्टेशन व बस अड्डों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि दोनों भगोड़ों को जल्द ही दोबारा सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News