पंजाब में करोड़ों रुपए के अंतरराष्ट्रीय मूल्य की हेरोइन समेत 2 नशा तस्कर गिरफ्तार, जांच कर रही पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 03:46 PM (IST)

फिरोजपुर (कुमार) : जिला फिरोजपुर में नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए फिरोजपुर के गांव सद्दू शाह वाला की दाना मंडी में हेरोइन बेचने के लिए सीआईए स्टाफ जीरा की पुलिस द्वारा इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह के दिशा निर्देशों अनुसार एएसआई अंग्रेज सिंह द्वारा 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे 6 किलो 255 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पाकिस्तान से यह हेरोइन मंगवाने वाले 2 मुख्य आरोपी अभी फरार हैं जिनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा छापामारी की जा रही है ।

यह जानकारी देते हुए एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि एसपी इन्वेस्टिगेशन मनजीत सिंह और डीएसपी डिटेक्टिव बरजिंदर सिंह तथा डीएसपी जीरा के दिशा निर्देशों अनुसार जब एएसआई अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ जीरा की पुलिस गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी तो उन्हें यह गुप्त सूचना मिली कि सतनाम सिंह उर्फ सत्ती पुत्र वीर सिंह और गुरमुख सिंह उर्फ धम्मी पुत्र सुखचैन सिंह पाकिस्तानी तस्करों से हेरोइन मंगवा कर आगे सप्लाई करते हैं और उनके द्वारा मंगवाई गई हेरोइन सप्लाई करने के लिए सुखचैन सिंह पुत्र प्रेम सिंह वासी जाखरावां और रेशम सिंह उर्फ कक्कड़ पुत्र फौजा सिंह वासी बस्ती रूडे वाली पंजाब नंबर के हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर दाना मंडी सद्दू शाह वाला में हेरोइन की डिलीवरी देने के लिए अपने ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं ।

उन्होंने बताया कि इस गुप्त सूचना के आधार पर तुरंत सीआईए स्टाफ जीरा की पुलिस द्वारा बताई गई जगह पर छापामारी करते हुए आरोपी रेशम सिंह उर्फ कक्कड़ और सुखचैन सिंह पुत्र प्रेम सिंह को काबू किया गया जिनसे तलाशी लेने पर 6 किलो 255 ग्राम हेरोइन और एक पंजाब नंबर का हीरो एचएफ डीलक्स नंबर मोटरसाइकिल बरामद हुआ । उन्होंने बताया कि हेरोइन मंगवाने वाले सतनाम सिंह उर्फ सत्ती और गुरमुख सिंह अभी तक फरार हैं जिनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा छापामारी की जा रही है और पकड़े गए आरोपियों के बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंक ट्रेस किए जा रहे हैं । उन्होंने बताया कि इस बरामदगी को लेकर फिरोजपुर के थाना आरिफके में 4 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार पकड़ी गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जाती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News