लुधियाना में टूटा मृतक के परिजनों का सब्र, पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर गरमाया माहौल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:51 PM (IST)
लुधियाना (राज): एक साल पहले सेहरा सजाने वाले युवक की खुदकुशी के मामले ने अब बड़ा तूल पकड़ लिया है। इंसाफ की आस में दर-दर भटक रहे मृतक के परिजनों का सब्र आज उस वक्त टूट गया जब उन्होंने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर आज उस समय स्थिति काफी भावुक और तनावपूर्ण हो गई जब मृतक के परिजनों ने हाथों में असली हथकड़ियां पहनकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस या तो दोषियों को गिरफ्तार कर ये हथकड़ियां उन्हें पहनाए, या फिर बेगुनाह परिजनों को ही जेल के अंदर डाल दे।
गौरतलब है कि युवक ने शादी के महज एक साल बाद ही मौत को गले लगा लिया था। मरने से पहले लिखे दो पन्नों के भावुक सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी दर्दनाक दास्तां बयां करते हुए साफ शब्दों में लिखा था कि वह मरना नहीं चाहता, लेकिन अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के मानसिक उत्पीड़न के कारण वह यह खौफनाक कदम उठाने को मजबूर है। मृतक की मां ने भरे गले से बताया कि बेटे की मौत 26 मार्च को हुई थी और पुलिस ने 29 मार्च को मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इसी गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज परिवार को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे माहौल काफी गर्मा गया। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बहुत जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद ही परिजनों ने अपना धरना समाप्त किया, लेकिन चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से संघर्ष का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

