कुत्तों को रोटी खिलाने पर बवाल! महिला को सड़क पर गिराकर पीटा; CCTV में कैद घटना
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 04:08 PM (IST)
लुधियाना(राज) : थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत आते जनकपुरी इलाके की गली नंबर साढ़े 10 में पड़ोसियों ने कानून व्यवस्था को हाथ में लेते हुए एक महिला से मारपीट की। गली के आवारा कुत्तों को खाना डालने से शुरू हुए इस विवाद में पड़ोसियों ने महिला को सड़क पर गिराकर उसे बेरहमी से पीटा। यह सारी घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित महिला जानवी कपूर ने बताया कि कल शाम करीब साढ़े 6 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान उनके घर से उनके मासूम बच्चों का घबराया हुआ फोन आया। बच्चों ने रोते हुए बताया कि गली के आवारा कुत्तों को रोटी डालने की बात को लेकर पड़ोसियों ने विवाद खड़ा कर दिया है और वे उन्हें घर के बाहर गालियां दे रहे हैं। बच्चों की बात सुनते ही वह तुरंत अपनी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर घर पहुंची।
जब शांति से बात करके उसने मामला सुलझाने की कोशिश कर रही थीं, तभी सामने रहने वाले एक व्यक्ति बेसबॉल बेट लेकर पहुंच गया। उसने उसे कहा भी कि तुम्हारा कोई लेना देना नहीं है, तुम बीच में मत आओ। इस पर व्यक्ति गुस्सा कर गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके साथ-साथ अन्य लोगों ने भी उसको बुरी तरह से पीटा। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीडि़त महिला का कहना है कि उसने इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

