नाबालिग लड़की से Rape, युवक ने दोस्त के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम, बनाई वीडियो
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 05:24 PM (IST)
माछीवाड़ा साहिब (टक्कर): माछीवाड़ा पुलिस ने एक नाबालिग लड़के द्वारा एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने और उसके दोस्त द्वारा घटना की वीडियो बनाकर उसे धमकाने के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। हैरानी की बात यह है कि लड़की के साथ कथित तौर पर संबंध बनाने वाला और वीडियो बनाने वाला दोनों ही नाबालिग हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी समराला प्रीतपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह घरेलू कामकाज करती है। उसकी 14 वर्षीय बेटी ने उसे बताया कि जब वह घर के पास खेतों में लकड़ियां लेने गई थी, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात एक लड़के से हुई। आरोप है कि वह उसे खेतों के पास झाड़ियों की ओर ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए गए। वहीं मौजूद एक अन्य लड़के ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो बना ली।
वीडियो बनाने के बाद दोनों ने लड़की को डराया और धमकाया कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। घर लौटने पर लड़की ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी।
माछीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने लड़की का समराला सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया है। अस्पताल की डॉक्टर गुरदविंदर कौर ने बताया कि मेडिकल जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि लड़की नाबालिग है और इस मामले में हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी भी नाबालिग हैं।

